उरई जालौन- मौलाना की घिनौनी हरकत सामने आई। विवाहित को ताबीज बनाकर पति के साथ हो रहे झगड़े को समाप्त करने के साथ दुआ करने का झांसा देकर उसने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही, किसी को ना बताने की धमकी दी। रेप की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला ने घटना की जानकारी पुलिस को लिखित रूप में दी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मौलाना को गिरफ्तार कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने महिला को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।
रेप की धाराओं में केस दर्ज.
उरई शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने मौलाना पर उसके साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला रविवार की देर शाम तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची थी। पुलिस ने सोमवार (15 जनवरी) को दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
जानिए क्या है मामला?
महिला का कहना है कि, उसका पति के साथ विवाद चलता है। उसे किसी ने बताया कि पति से विवाद खत्म करने के लिए एक मौलाना उसके वशीकरण की ताबीज बनाकर दे सकता है। इसके बाद रविवार की दोपहर महिला मौलाना शफीक कादरी के पास पहुंची। महिला का आरोप है कि, दुआ करने के झांसे में फंसाकर मौलाना शफीक कादरी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को कुछ भी न बताने की हिदायत दी।
महिला पहुंची कोतवाली.
साहस करते हुए देर शाम वह तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने यह स्वीकार किया कि महिला दुआ पढ़वाने के लिए कई बार उसके पास आयी। लेकिन दुष्कर्म के आरोप को वह गलत बता रहा है।
क्या बताया सीओ सिटी ने?
सीओ सिटी गिरजा शंकर त्रिपाठी का कहना है कि, 'मामले के गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है।