चोरों के हौसले बुलंद, पूरी रात गांव में मचाई धमाचौकड़ी.. तीन मकानों में घुसकर चोर ले गए नगदी व जेवरात

 

चोरों के हौसले बुलंद, पूरी रात गांव में मचाई धमाचौकड़ी.. तीन मकानों में घुसकर चोर ले गए नगदी व जेवरात 


कोंच। बेखौफ हो चुके चोर लगातार पुलिस को चुनौती देने में लगे हैं और चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही मामला बीहड़ पट्टी के गांव मऊ से आया है, जहां चोरों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाते हुए गृहस्वामी और उनके परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर इन घरों में धमा चौकड़ी करते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी चोरी कर ली और फरार हो गए।

इसकी जानकारी सुबह हुई, जब गृहस्वामी जागे और उन्होंने अपने-अपने घरों में सामान बिखरा हुआ और आभूषण व नगदी गायब देखे। तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिससे चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले लोगों के बारे में पता लगाया जा सके। वही चोरी की सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

मामला कोंच सर्किल के नदीगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बीहड़ पट्टी के ग्राम मऊ का है। यहां सोमवार रात्रि को ज्ञान सिंह यादव अपने घर में परिवार के लोगों के साथ खाना खाकर सो गए। इसी दौरान चोरों ने रात्रि में इनके घर में छत के रास्ते प्रवेश करते हुए कमरे का ताला तोड़ते हुये घर में सो रहे लोगों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और धमा चौकड़ी करते हुए घर से चार जोड़ी पायल, चार जोड़ी चांदी की हाफ पेटी, आठ चूड़ी चांदी की, एक सोने की जंजीर, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने की अंगूठी, एक तोला सोने का मंगलसूत्र, 45 चांदी के सिक्का, एक किलो ठोस चांदी के साथ-साथ 9 हजार रुपए की नगदी चोरी कर ले गए।

इसके बाद चोरों ने इसी गांव के फूल सिंह पाल और प्रकाश सिंह पाल की घर में भी चोरी करते हुए सोने चांदी के जेवरात व नगदी पार कर ले गये। इसके बारे में सुबह जानकारी हुई जब घर के लोग होश में आए उन्होंने अपने घर के ताले टूटे हुए और सामान बिखरा हुआ। साथ ही सोने चांदी के आभूषण व नगदी गायब देखी। तत्काल इसकी सूचना नदीगांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नदीगांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गईं। 
नशीला पदार्थ सुंघाए जाने की आशंका इस चोरी के बारे में ज्ञान सिंह का कहना है कि रात्रि में उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उन्हें होश नहीं रहा और चोर सामान चोरी करने के बाद फरार हो गए। ज्ञान सिंह का कहना है कि गांव बीहड़ पट्टी में होने के कारण इस गांव में पुलिस बहुत कम आती है, जिस कारण चोरों के हौसले बुलंद है और चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। वही चोरी की इस गाथा की सूचना पर पुलिस पहुंची और इस चोरी के खुलासे में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post