गांव में चोरों की धमाचौकड़ी, चाचा भतीजे के घर से लाखों रुपए के जेवरात व नगदी की पार

 चोरों ने छत के रास्ते चाचा-भतीजे के घर को बनाया निशाना

माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के नुनायचा गांव में चोरों की धमा चौकड़ी देखने को मिली, जिन्होंने देर रात चाचा-भतीजे के घर में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं चाचा-भतीजे की ओर से थाने में चोरी की घटना की शिकायत की गई। 

घटना माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नुनायचा की है। इस गांव के रहने वाले रामखिलान यादव के घर में मंगलवार रात को चोर छत के रास्ते से घुस गए, जहां चोरों ने घर से नकदी जेवरात पार कर दिए। इतना ही नहीं चोर रामखिलावन के घर के बगल में ही उसके भतीजे सर्वेश यादव के घर में घुसे, जहां सर्वेश यादव के घर में भी छत के रास्ते चोर अंदर दाखिल हुए।

अंदर वाले कमरे में रखी सेफ और बक्सा खोलकर चोर उनमें रखे सोने का हार, 50 हजार रुपए की नकदी, सोने के झुमके, अंगूठी, जंजीर और हाफ पेटी चोरी कर ले गए। बुधवार की सुबह चोरी की जानकारी हुई। परिजन जागे तो कमरों में बिखरा सामान और खुले बक्से पड़े थे। बाद में पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। दोनों घरों से करीब पांच लाख रुपए कीमत के जेवर एवं नकदी चोरी हुए हैं। वहीं इस मामले में माधौगढ़ सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेई का कहना है कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post